ब्रेकिंग न्यूज़

सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा खोया-पाया मामलों में त्वरित कार्रवाई की सराहना

नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा के पावन पर्व एवं महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर श्री राम सेवक सभा, नैनीताल की ओर से नैनीताल पुलिस को सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक पुलिस व्यवस्थाएं की गईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार मोर्चा संभाले रखा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रमुख मार्गों एवं आयोजन स्थलों पर लगातार निगरानी और पैदल गश्त की गई।

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यातायात को व्यवस्थित करने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने का प्रयास किया।

खोया-पाया केंद्र ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

महोत्सव के दौरान खोया-पाया केंद्र ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिजनों से बिछड़े बच्चों एवं बुजुर्गों को पुलिस एवं स्वयंसेवकों के त्वरित प्रयासों से उनके परिवारजनों से मिलाया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के खोए हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी एवं अन्य सामान को बरामद कर आवश्यक सत्यापन के बाद वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया।

पुलिस की इस पहल से महोत्सव में शामिल होने आए श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। खोया-पाया केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

महिला और बाल सुरक्षा पर भी रहा विशेष फोकस

महोत्सव के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर भी पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के साथ लगातार निगरानी रखी गई। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया।

श्री राम सेवक सभा के पदाधिकारियों ने नैनीताल पुलिस की सतर्कता, तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और बेहतर प्रबंधन की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। सभा ने कहा कि पुलिस की सक्रिय भूमिका के चलते महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।

इस अवसर पर नैनीताल पुलिस की ओर से श्री राम सेवक सभा, आयोजन समिति, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। पुलिस ने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आयोजक संस्था और आमजन का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और खोया-पाया मामलों में की गई त्वरित कार्रवाई ने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत किया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  पहाड़ में आपसी विवाद ने लिया खूनी रूप, दराती से हमला कर वृद्धा की हत्या; आरोपी फरार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.