ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन प्रक्रिया को लेकर परिसर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को निर्धारित समय में प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।

नामांकन पत्र खरीदने की प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए तीन, छात्र उपाध्यक्ष पद के लिए एक तथा एक अन्य उपाध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्र खरीदे गए। सचिव पद के लिए एक, संयुक्त सचिव पद के लिए तीन, कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए एक तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दो नामांकन पत्र खरीदे गए।

इसके अलावा संकाय प्रतिनिधि के पदों के लिए भी विद्यार्थियों ने नामांकन पत्र लिए। विज्ञान संकाय से दो, जबकि कॉमर्स, कला, विधि और प्रबंध अध्ययन संकाय से एक-एक नामांकन पत्र खरीदा गया है। नामांकन पत्रों की खरीद के साथ ही परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर विद्यार्थियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां और प्रचार-प्रसार भी तेज होने की संभावना है।

कल 11 बजे से 3 बजे तक होगा नामांकन

परिसर प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जीबी पंत लाइब्रेरी, डीएसबी परिसर में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए तल्लीताल थाना एसओ पाल और मल्लीताल थाना एसओ रावत ने परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान नामांकन के दौरान संभावित भीड़ और छात्र गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।

चुनाव अधिकारियों ने अंतिम रूप दी तैयारियां

नामांकन प्रक्रिया से पहले डीएसडब्ल्यू प्रो. संजय पंत और चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज आर्य की मौजूदगी में चुनाव से संबंधित तैयारियों और नामांकन पत्रों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान प्रो. ललित तिवारी, प्रो. आरसी जोशी, प्रो. नीलू, डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. गगन होती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. शिवांगी, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. हर्ष, डॉ. नवीन और डॉ. नंदन समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नंदा बल्लभ पालीवाल, बृजेश जोशी, सीबी जोशी, हेमंत और दीपा सहित अन्य कर्मचारियों ने भी चुनाव संबंधी प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में सहयोग किया।

बिना परिचय पत्र परिसर में प्रवेश नहीं

परिसर के प्रॉक्टर प्रो. हरीश बिष्ट ने विद्यार्थियों से अपील की कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान सभी विद्यार्थी अपना परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि परिसर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहचान पत्र की जांच की जा सकती है।

वहीं डॉ. मोहित रौतेला और डॉ. दीपक मेलकानी सहित अन्य शिक्षकों ने भी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग किया। नामांकन पत्रों की खरीद के बाद अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : ग्रामीण विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल, बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्कूल को दिए स्मार्ट बोर्ड और कंप्यूटर सिस्टम

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.