कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया सड़क सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों ने जताया आभार
रामगढ़ (नैनीताल)। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामगढ़ ब्लॉक के तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली होते हुए कैंचीधाम तक जाने वाले मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस मोटर मार्ग के डामरीकरण पर शासन की ओर से 5 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति से परेशान ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
मोटर मार्ग की हालत खराब होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त हिस्सों के चलते ग्रामीणों और किसानों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही थीं, वहीं कैंचीधाम आने-जाने वाले पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी।
ग्रामीणों की मांग और क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से सड़क के डामरीकरण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। शासन से 5 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद अब इस मार्ग पर डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है।
शुभारंभ के अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य गुणवत्ता के साथ और जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके और आवागमन सुगम हो सके।
क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों का किया जा रहा सुधारीकरण
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इन समस्याओं के समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने जताया आभार
रामगढ़ से कैंचीधाम मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क का निर्माण और सुधारीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और किसानों, स्थानीय निवासियों तथा पर्यटकों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री देवेंद्र ढेला, मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, कुंदन चिलवाल, देवेंद्र बिष्ट सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





































