ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र महासंघ चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्य ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की मौजूदगी में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इस दौरान प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. गगन होती, डॉ. हृदेश कुमार सहित नंदाबल्लभ पालीवाल आदि मौजूद रहे।

अधिसूचना के अनुसार कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का चुनाव 1 अक्टूबर 2026 (बृहस्पतिवार) को महिला अध्ययन केंद्र, हरमिटेज भवन, नैनीताल में आयोजित किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया एक ही दिन में नामांकन से लेकर मतदान, मतगणना, परिणाम घोषणा और विजयी प्रत्याशियों के शपथ ग्रहण तक पूरी की जाएगी।

छह पदों के लिए होगा चुनाव

विश्वविद्यालय छात्र संघ संविधान और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के प्रावधानों के अनुसार होने वाले चुनाव में कुल छह पदों पर निर्वाचन होगा। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष (छात्रा), सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के पद शामिल हैं।

चुनाव में विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों से निर्वाचित विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ही निर्वाचक मंडल के सदस्य और प्रत्याशी के रूप में भाग ले सकेंगे।

लिंगदोह समिति के नियमों का होगा कड़ाई से पालन

चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्य और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में लिंगदोह समिति की सिफारिशों और विश्वविद्यालय छात्र संघ संविधान के प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। प्रत्याशी को चुनाव लड़ने का केवल एक अवसर मिलेगा। ऐसे छात्र, जिन्होंने पूर्व में किसी भी पदाधिकारी पद के लिए चुनाव लड़ा है, इस चुनाव में प्रत्याशी के रूप में अर्ह नहीं होंगे।

अर्हता के सत्यापन के लिए संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य की ओर से जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही प्रत्याशियों को 100 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टांप पेपर पर नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र तथा संविधान के परिशिष्ट-2 में निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

नामांकन शुल्क और जमानत राशि 1,200-1,200 रुपये निर्धारित की गई है।

यह रहेगा पूरा चुनाव कार्यक्रम

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 1 से 2 बजे तक होगी, जबकि प्रत्याशी दोपहर 2 से 2:30 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे।

इसके बाद दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। विजयी प्रत्याशियों को मौके पर ही शपथ दिलाने के साथ प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

इस तरह कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ की पूरी चुनाव प्रक्रिया 1 अक्टूबर को एक ही दिन में पूरी कर ली जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  KBC ऑनलाइन गेम में 8.5 लाख जीतने का झांसा, उत्तराखंड के व्यक्ति से ठगे 1.50 करोड़ रुपये

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.