ब्रेकिंग न्यूज़

दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ, निबंध-पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं भी सम्मानित

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। साथ ही निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित 5 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का भी शुभारंभ किया। इसके अलावा ‘वन क्लिक’ के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन राशि जारी की गई। इसके तहत प्रदेश के 9,93,886 पेंशनरों के खातों में कुल 147 करोड़ 34 लाख 53 हजार रुपये की पेंशन भेजी गई।

वरिष्ठ नागरिक परिवार की सुरक्षा और संस्कारों का आधार : CM

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत करते हुए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वरिष्ठजनों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि परिवार में बुजुर्गों की मौजूदगी सुरक्षा, अपनापन और मार्गदर्शन का भाव मजबूत करती है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कार और जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव वरिष्ठजनों के सानिध्य से प्राप्त होते हैं। उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से परिवार में अनुशासन बना रहता है और परंपराओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। वरिष्ठ नागरिक परिवार के लिए एक तरह से सुरक्षा कवच का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उत्तराखंड के मुख्य सेवक होने के साथ-साथ इस प्रदेश के बेटे भी हैं। प्रदेश के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

9 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को हर माह ₹1,500 पेंशन

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को ₹1,500 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। पात्र पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिए जाने की व्यवस्था भी लागू है। वर्तमान में प्रदेश के 9 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने ₹147 करोड़ से अधिक की पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘वन क्लिक’ के जरिए सितंबर माह की पेंशन जारी कर इस व्यवस्था को आगे बढ़ाया। इससे प्रदेशभर के 9,93,886 पेंशनरों के बैंक खातों में कुल ₹147.34 करोड़ से अधिक की राशि पहुंचाई गई।

बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में संचालित हो रहे राजकीय वृद्धाश्रम

वरिष्ठ नागरिकों के लिए राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाओं को मजबूत किए जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा भी वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और तीर्थाटन पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू किया गया है। इसके साथ ही दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त उपचार की सुविधा का लाभ मिल रहा है।

23 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, पांच छात्र-छात्राओं को पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। इसके अलावा निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित 5 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठजनों के कल्याण, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण के लिए उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम परिसर में उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, निदेशक संजय कुमार, निदेशक जनजाति कल्याण संजय सिंह टोलिया, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल सहित पूजा नेगी, हेमलता पाण्डेय, गोरधन सिंह एवं अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल : भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत और पुनर्वास के निर्देश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.