ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में एक पूर्व सैनिक की पत्नी ने प्रापर्टी कारोबारी पर विश्वास में लेकर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने और उनके नाम पर भारी-भरकम बैंक लोन दर्शाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने फतेहपुर नील पोखरा नंबर-2 निवासी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता भागीरथी जोशी के अनुसार फरवरी 2024 में उनकी मुलाकात आरोपित से हुई थी। आरोप है कि भुवन चंद्र जोशी ने खुद को शराब कारोबारी बताते हुए प्रापर्टी कारोबार में निवेश और कारोबार बढ़ाने की बात कही। इसी दौरान उसने पीड़िता को अपनी बहन बताते हुए उनका विश्वास हासिल कर लिया।

तीन महीने के लिए मांगे संपत्ति के दस्तावेज

पीड़िता का कहना है कि विश्वास में लेने के बाद आरोपित ने उनसे संपत्ति से संबंधित दस्तावेज तीन माह के लिए मांगे। इसके बदले प्रत्येक माह 1.50 लाख रुपये देने का भरोसा दिलाया गया। भरोसा होने पर उन्होंने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज आरोपित को सौंप दिए।

आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने बैंक से लोन दिलाने की बात कहकर पीड़िता से कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करा लिए। उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद संपत्ति को जल्द ही बंधक मुक्त करा दिया जाएगा।

2.58 करोड़ की संपत्ति बेचने और 1.70 करोड़ के लोन का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बाद में उनकी करीब 2.58 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति बेच दी गई। इसके साथ ही उनके नाम पर करीब 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन दर्शाया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने बैंक से संबंधित दस्तावेजों और लेनदेन की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

पीड़िता ने पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। उनका आरोप है कि उनके विश्वास का फायदा उठाकर संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

29 सितंबर की रात दर्ज हुई प्राथमिकी

मुखानी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर 29 सितंबर की रात आरोपित भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अब संपत्ति के दस्तावेज, बैंक लोन से संबंधित कागजात, हस्ताक्षर और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपित को नोटिस भेजने की प्रक्रिया चल रही है। मामले में सामने आने वाले दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और मामले में अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में आज छात्रसंघ चुनाव: 136 महाविद्यालयों और 3 विश्वविद्यालय परिसरों में होगा मतदान, 80 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं चुनेंगे अपने प्रतिनिधि

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.