ब्रेकिंग न्यूज़

रामनगर। चार महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे यतीश यादव और उनकी पत्नी शीतल के लिए नैनीताल की यात्रा जिंदगी की सबसे दर्दनाक घटना बन गई। गाजियाबाद से नैनीताल घूमने निकले नवविवाहित दंपती की स्कॉर्पियो की रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में देर रात एक 22 टायरा डंपर से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार 24 वर्षीय यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई स्कॉर्पियो से काशीपुर होते हुए रामनगर और फिर नैनीताल की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 1:20 बजे पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर HR38AC 4554 से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन चला रहे यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दिल्ली-एनसीआर के एक निजी अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है।

चार महीने पहले हुई थी शादी

मृतक यतीश यादव की पहचान 24 वर्षीय यतीश यादव पुत्र सुरेश चंद्र यादव, निवासी ग्राम शाहपुर बमेठा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। बताया गया है कि यतीश और शीतल की शादी 20 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी के महज चार महीने बाद दोनों साथ में नैनीताल घूमने निकले थे। परिवार के लिए यह यात्रा खुशियों का सफर थी, लेकिन सड़क हादसे ने अचानक सब कुछ बदल दिया।

राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे यतीश

यतीश यादव के बारे में बताया गया है कि वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 में आयोजित प्रतियोगिता में विजेता भी रहे थे। इसके साथ ही वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम करते थे। वहीं उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतक के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया है कि डंपर चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में आ गया, जिसके चलते उनके बेटे की कार से भीषण टक्कर हुई। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल डंपर और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

20 अप्रैल को सात फेरों के साथ शुरू हुआ यतीश और शीतल का साथ का सफर चार महीने बाद एक दर्दनाक मोड़ पर आकर थम गया। नैनीताल की ओर बढ़ रहा यह सफर एक परिवार को ऐसा गम दे गया, जिसे वह शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आगाज, शोध और आधुनिक तकनीक पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.