ब्रेकिंग न्यूज़

वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ से नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने खुद संभाली यातायात व्यवस्था की कमान

हल्द्वानी। तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों नैनीताल, भीमताल, कैंची धाम समेत आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को ही जिले में करीब एक लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटकों की वापसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या और सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी शनिवार को खुद फील्ड में उतरे। उन्होंने अधीनस्थ पुलिसकर्मी की बुलेट पर बैठकर काठगोदाम से भीमताल तिराहे तक यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने बताया कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं और शनिवार देर शाम से लेकर रविवार तक पर्यटकों की वापसी का सिलसिला तेज रहेगा। ऐसे में यातायात को सुचारु बनाए रखने और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।

शाम के समय पर्यटकों की निकासी पर रहेगा विशेष फोकस

पुलिस के अनुसार आज शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक तथा रविवार को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक नैनीताल और भीमताल की ओर से लौटने वाले पर्यटकों को प्राथमिकता के साथ बाहर निकाला जाएगा। इस दौरान यातायात को नियंत्रित करते हुए वापसी वाले वाहनों को सुचारु रूप से गंतव्य की ओर भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

वहीं नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाले पर्यटकों को भीड़ और यातायात के दबाव को कम करने के लिए फतेहपुर से पटवाडांगर होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

बढ़ते वाहन दबाव के बीच शटल सेवा भी रहेगी उपलब्ध

पर्यटन स्थलों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण पुलिस की ओर से शटल सेवा की व्यवस्था भी की गई है। इसके माध्यम से पर्यटकों को अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर पार्क करने के बाद प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। पुलिस का उद्देश्य पर्यटन स्थलों के भीतर अनावश्यक वाहनों का दबाव कम करना और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन एवं अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल लागू किया जाए।

लंबे वीकेंड के चलते शनिवार और रविवार का दिन नैनीताल पुलिस के लिए यातायात प्रबंधन की दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।

पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों, मार्गों और पर्यटन स्थलों पर तैनात रहेंगी, ताकि पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित की जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल : भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत और पुनर्वास के निर्देश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.