ब्रेकिंग न्यूज़

भूमियाधार में स्कॉर्पियो गाड़ी 250 फीट गहरी खाई में गिर गई, घटना में एक युवक की मौत चार लोग घायल हुए 

 रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

भवाली/नैनीताल। नैनीताल जिले के भवाली-भूमियाधार क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्यूलिकोट से भवाली की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सटेंशन पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत होने की सूचना है, जबकि चार अन्य युवक घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार युवक दिल्ली से कैंचीधाम दर्शन के लिए उत्तराखंड आए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैंचीधाम से लौटने के बाद वाहन हल्द्वानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान भूमियाधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और ज्यूलिकोट पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल पर अंधेरा होने और खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू के दौरान दो लोगों को वाहन से बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक वाहन के अंदर ही फंस गया था। उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी विषम परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद रेस्क्यू अभियान में पुलिस एवं बचाव टीमों का सहयोग किया। घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली ले जाया जा रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर एचआर-36 एपी-2156 बताया गया है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के साथ ही हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही हैं।

 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिता में हृतिका भट्ट ने जीता कांस्य पदक, नैनीताल का नाम किया रोशन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.