ब्रेकिंग न्यूज़

विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट से की मुलाकात, वन मार्ग निर्माण का मामला उठाया

हल्द्वानी। विकासखंड हल्द्वानी के विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में परिवर्तित किए जाने से जुड़े वन भूमि प्रकरण को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट से मुलाकात की। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की समस्या रखते हुए मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की।

ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट को बताया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किलोमीटर 0.000 से 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण का मामला लंबे समय से लंबित है। सड़क निर्माण के लिए करीब 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

ग्रामीणों ने सांसद को वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी उपलब्ध कराया। पत्र में संबंधित प्रकरण में वन भूमि के प्रत्यावर्तन को लेकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून से सैद्धांतिक एवं विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि विजयपुर क्षेत्र के लोगों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। वर्तमान में पैदल मार्ग होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक आवागमन, आवश्यक सामग्री के परिवहन तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मोटर मार्ग बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ-साथ ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु से पत्राचार करने के साथ ही दूरभाष पर भी वार्ता कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से विजयपुर गांव के ग्रामीणों की समस्या के समाधान और सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

सांसद के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वन भूमि प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया में तेजी आएगी और लंबे समय से लंबित विजयपुर-पहाड़पानी मोटर मार्ग निर्माण का रास्ता जल्द साफ होगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कूटा ने नवनियुक्त कुलसचिव प्रो. रितेश साह का किया सम्मान, विश्वविद्यालय के कार्यों में तेजी की जताई उम्मीद

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.