नैनीताल। उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा को लगातार तीसरी बार उत्तराखंड से बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) का सदस्य निर्वाचित किया गया है। बुधवार को हुए चुनाव में उन्होंने 26 में से 14 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी चंद्रशेखर जोशी को 12 मत मिले। डीके शर्मा वर्तमान में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन भी हैं।
नवगठित बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड की कार्यकारिणी के चुनाव में देहरादून के अधिवक्ता राजवीर बिष्ट अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद के चुनाव में राजवीर बिष्ट को 11, कुलदीप कुमार को 8 और योगेंद्र सिंह तोमर को 5 प्रथम वरीयता मत प्राप्त हुए, जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। वहीं सुशीला मेहता निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
डीके शर्मा का उत्तराखंड से बीसीआई सदस्य के रूप में यह तीसरा कार्यकाल होगा। इससे पहले वह वर्ष 2004 से 2009 तथा 2018 से 2025 तक बार काउंसिल ऑफ इंडिया में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अधिवक्ता जगत में उनकी लंबी प्रशासनिक एवं विधिक सेवाओं के चलते उन्हें प्रदेश के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में गिना जाता है।
वर्ष 2013 में डीके शर्मा को वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) नामित किया गया था। वह उत्तराखंड सरकार के शासकीय अधिवक्ता तथा सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और ऊधमसिंह नगर जिला बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व हुए उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव में 23 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद हाल ही में दो महिला अधिवक्ताओं को को-ऑप्ट सदस्य बनाए जाने के बाद बुधवार को बीसीआई सदस्य और उत्तराखंड बार काउंसिल की कार्यकारिणी के चुनाव कराए गए।
बीसीआई सदस्य के चुनाव में डीके शर्मा ने 14 मत हासिल कर जीत दर्ज की। इसके साथ ही बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में राजवीर बिष्ट ने सर्वाधिक 11 प्रथम वरीयता मत हासिल किए और अध्यक्ष चुने गए। सुशीला मेहता के खिलाफ किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं होने के कारण उन्हें निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव के दौरान बार काउंसिल की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए आठ अलग-अलग समितियों का भी गठन किया गया। बीसीआई सदस्य का कार्यकाल पांच वर्ष, जबकि उत्तराखंड बार काउंसिल की प्रदेश कार्यकारिणी का कार्यकाल एक वर्ष निर्धारित है।
वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा के तीसरी बार बीसीआई सदस्य निर्वाचित होने और राजवीर बिष्ट व सुशीला मेहता के उत्तराखंड बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी में क्रमशः अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुने जाने पर अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि नई कार्यकारिणी प्रदेश के अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों, कल्याणकारी योजनाओं और बार से संबंधित विभिन्न विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में स्तन कैंसर जागरूकता को लेकर निकली भव्य रैली, समय पर जांच को बताया सबसे बड़ा सुरक्षा मंत्र

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.