36 घंटे के महा-हैकाथॉन में ‘टीम ग्रेडिएंट’ ने मारी बाजी, इनोविस्टा-2026 का शानदार समापन; लकी ड्रॉ में लैपटॉप और PS5 जीतकर खिले छात्रों के चेहरे

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय टेक फेस्ट में दिखा तकनीक, नवाचार और प्रतिभा का संगम, 50 हजार रुपये के पुरस्कार पूल वाले हैकाथॉन में टीम ग्रेडिएंट रही अव्वल, दो लाख रुपये के लकी ड्रॉ ने बढ़ाया रोमांच

हल्द्वानी। तकनीक के प्रति जुनून, नवाचार की सोच और कुछ नया कर दिखाने के उत्साह के बीच ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा-2026’ का रविवार को शानदार समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में छात्रों ने तकनीकी कौशल, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, कोडिंग और मनोरंजन से भरपूर इस टेक फेस्ट में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 36 घंटे तक लगातार चला महा-हैकाथॉन रहा, जिसमें प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने तकनीकी चुनौतियों का सामना करते हुए अपने अभिनव प्रोजेक्ट तैयार किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रोग्रामिंग क्षमता, समस्या समाधान कौशल और नई तकनीकों के प्रति समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कुल 50 हजार रुपये का पुरस्कार पूल रखा गया था। कड़े मुकाबले के बाद ‘टीम ग्रेडिएंट’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया।

हैकाथॉन में तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन गूगल और ग्लोबल लॉजिक से जुड़े विशेषज्ञों ने किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के विचारों, तकनीकी दक्षता और नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में तकनीकी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और न्यूरल नेटवर्क पर मिला मार्गदर्शन

टेक फेस्ट के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की बदलती दुनिया से रूबरू कराने के लिए विशेष तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए। जेपी मॉर्गन से जुड़े पंकज खुल्बे ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और न्यूरल नेटवर्क की उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में तकनीकी क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ नई स्किल विकसित करने और उभरते अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

लकी ड्रॉ में हरकीरत को लैपटॉप, दीपक ने जीता PS5

तीन दिवसीय टेक फेस्ट के समापन समारोह का सबसे रोमांचक पल दो लाख रुपये के पुरस्कारों वाला बंपर लकी ड्रॉ रहा। लकी ड्रॉ के परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया। हरकीरत संधू ने ASUS कंपनी का लैपटॉप जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की, जबकि दीपक सिंह के नाम प्ले-स्टेशन 5 (PS5) का शानदार इनाम रहा। पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इसके साथ ही परिसर में लगाए गए 30 से अधिक फूड और गेमिंग स्टॉल्स ने आयोजन को उत्सव जैसा माहौल प्रदान किया। विद्यार्थियों ने जहां तकनीकी गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं विभिन्न स्टॉल्स पर खानपान और मनोरंजन का भी आनंद लिया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में इंसानियत शर्मसार! मानसिक रूप से अस्वस्थ बेसहारा युवती मिली आठ माह की गर्भवती, दुष्कर्म की आशंका से मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.