सरकारी जमीन निजी हाथों में देने का विरोध तेज, हरीश पनेरु ने धरना-प्रदर्शन में उठाई जनता के अधिकारों की आवाज

मल्ला रामगढ़ की बेशकीमती भूमि पर विवाद, सरकारी संपत्ति बचाने के लिए एकजुट हुए जनप्रतिनिधि और ग्रामीण

नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड रामगढ़ के मल्ला रामगढ़ में बेशकीमती सरकारी भूमि को निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें राज्य आंदोलनकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरीश पनेरु ने भी प्रतिभाग कर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान सरकारी भूमि को निजी हाथों में सौंपे जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे जनहित और सार्वजनिक संपत्ति के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताया गया। प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि सरकारी भूमि किसी व्यक्ति या निजी संस्था की संपत्ति नहीं, बल्कि जनता की धरोहर है। ऐसी बेशकीमती जमीन के इस्तेमाल और हस्तांतरण से जुड़े किसी भी निर्णय में जनहित और क्षेत्रवासियों के अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने कहा कि सरकारी संपत्ति जनता की धरोहर है और इसे निजी हाथों में सौंपने के किसी भी प्रयास का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की जमीन, जनता के अधिकार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज हमेशा बुलंद रहेगी। उन्होंने इस संघर्ष को आम जनता के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए आंदोलन में अपनी सक्रिय भागीदारी जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम में कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार और संबंधित जिम्मेदारों तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया कि सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े फैसलों में स्थानीय जनता की भावनाओं और हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

मल्ला रामगढ़ में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन ने सरकारी भूमि के संरक्षण और जनहित के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

अब देखना होगा कि इस विरोध के बाद शासन-प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और क्षेत्रवासियों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल में भाजपा से टिकट के लिए जबरदस्त संग्राम;12 दावेदारों ने ठोकी ताल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के लिए पेश की कड़ी चुनौती

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.