मां की हत्या, बेटों के कत्ल की भी थी तैयारी! सेना के जवान समेत तीन गिरफ्तार
रामनगर में बदले की खौफनाक कहानी
पुरानी रंजिश में 56 वर्षीय महिला को अगवा कर बेरहमी से उतारा मौत के घाट, पानी में डुबोकर की गई हत्या; सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने सुलझाया मामला
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में रिश्तों को शर्मसार करने और इंसानियत को झकझोर देने वाले विमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
पुलिस जांच में सामने आई कहानी ने हर किसी को हैरान कर दिया है। करीब तीन साल पुरानी रंजिश ने ऐसी खौफनाक शक्ल ले ली कि एक 56 वर्षीय महिला को अगवा कर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।
इतना ही नहीं, पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी की साजिश महिला की हत्या तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह उनके दोनों बेटों को भी निशाना बनाने की योजना बना चुका था।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में तैनात जवान बताया जा रहा है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान सैरान और मोहम्मद अब्बूजर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन और हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे हथियार एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
तीन साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, रामनगर के छोई गांव निवासी 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाफ सिंह बिष्ट की हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी प्रमुख वजह रही। बताया गया कि करीब तीन साल पहले मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
महिला को अगवा कर बेरहमी से की गई मारपीट
पुलिस की जांच में जो घटनाक्रम सामने आया, वह बेहद भयावह है। आरोप है कि तीनों अभियुक्त विमला देवी को अपने साथ ले गए और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
इसके बाद उन्हें वाहन में डालकर धापला पुल की ओर ले जाया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, वहां महिला को पानी में डुबोया गया और दोबारा मारपीट कर उनकी हत्या कर दी गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वापस लाए और महिला के घर के पास फेंककर फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
हत्याकांड के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि तीनों आरोपी विमला देवी को जीवित अवस्था में अपने साथ ले जाते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इस अहम फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों को खंगाला और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उन तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने साक्ष्यों को एकत्रित करते हुए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मामले की परतें खुलती चली गईं।
आरोप है कि वह परिवार को पूरी तरह खत्म करने की साजिश में जुटा था। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कथित तौर पर इस योजना को आगे बढ़ने से पहले ही रोक दिया गया। इस खुलासे के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी, लोहे का पाना, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इन सभी साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाया जा रहा है, ताकि न्यायालय में आरोपों को प्रमाणित करने के लिए मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने किया खुलासा
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में विमला देवी हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर तीनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक महिला की कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते बेरहमी से हत्या और उसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाने की योजना ने पूरे रामनगर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
यह मामला एक बार फिर बताता है कि पुरानी दुश्मनी और बदले की भावना किस हद तक खतरनाक रूप ले सकती है। अब इस मामले में पुलिस की विवेचना और न्यायालय की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
























