216 ग्राम स्मैक बरामद, सब्जी कारोबार की आड़ में कर रहा था नशे की तस्करी; एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र से दबोचा

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी नैनीताल और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों, एसओजी और एएनटीएफ को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता तथा एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।

16 नवंबर 2026 को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 392/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्राथमिकी दर्ज की है।

सब्जी के कारोबार की आड़ में कर रहा था तस्करी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के ही किसी व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक किससे खरीदकर लाया था और हल्द्वानी में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।

हिमाचल प्रदेश में भी जेल जा चुका है आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। 

उसके आपराधिक इतिहास का विस्तृत विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस अब नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

इस कार्रवाई में 216 ग्राम स्मैक की बरामदगी को पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी बताया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संयुक्त टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए 2,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे की तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल ने भारत प्राइवेसी कॉन्फ्रेंस 2026 में छात्र डेटा की गोपनीयता पर दिया जोर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.