हल्द्वानी। नैनीताल जनपद से स्थानांतरित होकर अन्य जिलों में नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे छह पुलिस निरीक्षकों के सम्मान में मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन नैनीताल जनपद में अधिकारियों द्वारा दी गई सेवाओं और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से जनविश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी ड्यूटी, अपराध नियंत्रण और आम जनता की समस्याओं के समाधान सहित पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में इन अधिकारियों का योगदान सराहनीय रहा है। नैनीताल पुलिस परिवार को निश्चित रूप से उनकी कमी महसूस होगी।
समारोह में स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों में कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी अब ऊधमसिंह नगर में सेवाएं देंगे। हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता को बागेश्वर, भवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा को अल्मोड़ा, तल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह को बागेश्वर, बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल को पिथौरागढ़ तथा मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील चंद्र जोशी को अल्मोड़ा जनपद में नई जिम्मेदारी मिली है।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यों की सराहना की। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके मृदुल व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर पुलिसिंग की प्रशंसा करते हुए अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
सभी छह अधिकारियों को स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं स्थानांतरित अधिकारियों ने भी नैनीताल जनपद में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन तथा पुलिसकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ भवाली विनय सिंह, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ ऑपरेशन समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक यातायात भूपेश पांडेय, वाचक निरीक्षक रमेश सिंह नेगी सहित विभिन्न थाना एवं शाखाओं के प्रभारी, पुलिसकर्मी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह के अंत में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को नई तैनाती के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी पूरी ऊर्जा, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाएंगे।
























