सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर घुसा युवक, मारपीट और चोटों के बाद मौत, पिता-पड़ोसी पर मुकदमा

15 नवंबर को अस्पताल में हुई युवक अभिनव की मौत, नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और पड़ोसी हिरासत में; गैर इरादतन हत्या के मामले में पुलिस कर रही जांच

एकतरफा प्यार, घर में घुसपैठ और फिर मौत! नेहा बिष्ट प्रकरण में पिता-पड़ोसी पर मुकदमा

नेहा बिष्ट से शादी की जिद में दिल्ली पहुंचा अभिनव, घर में हंगामे के बाद मौत, पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली/अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से ताल्लुक रखने वाली चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट से जुड़ा एक मामला इन दिनों सुर्खियों में है। एकतरफा प्यार का दावा करने वाला युवक चेन्नई से दिल्ली पहुंच गया और नेहा के घर में घुस गया।

युवक ने कथित तौर पर नेहा से शादी करने की इच्छा जताते हुए घर में हंगामा किया। इस घटना के बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और उनके एक पड़ोसी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा बिष्ट मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के द्वाराहाट विकासखंड स्थित बैनाली गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह दिल्ली में रहती हैं और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता है।

इंस्टाग्राम पर उनके छह लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि यूट्यूब पर करीब 29 लाख सब्सक्राइबर बताए जा रहे हैं। उनके वीडियो और रील्स पर लाखों की संख्या में व्यूज आते हैं।

इन दिनों नेहा अपनी सगाई और आगामी शादी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रही थीं। बताया जा रहा है कि उनकी सगाई की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद उन्हें अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से कई संदेश मिलने लगे थे।

नेहा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला अभिनव चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह पिछले कई महीनों से उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। नेहा के मुताबिक, 22 जुलाई को उनकी सगाई की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद उन्हें कई संदेश मिलने लगे थे।

नेहा ने बताया कि 10-11 जुलाई के आसपास एक अनजान युवक उनके घर में घुस आया था। उसने घर में पहुंचकर कथित तौर पर चिल्लाते हुए कहा कि वह उनसे प्यार करता है और वह किसी दूसरे व्यक्ति से शादी क्यों कर रही हैं।

इस दौरान परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। बाद में युवक ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और वहां से चला गया। उस समय नेहा ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

बताया जा रहा है कि नेहा ने जब अपनी आगामी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की तो 7 नवंबर को अभिनव एक बार फिर दिल्ली के मधु विहार स्थित उनके घर पहुंच गया।

आरोप है कि युवक नशे की हालत में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। घर में पहुंचकर उसने नेहा का नाम लेकर हंगामा किया और उनके परिवार से शादी को लेकर सवाल-जवाब करने लगा।

घर से बाहर ले जाने के दौरान गिरने से लगी चोट, अस्पताल में हुई मौत

घटना के दौरान नेहा के पड़ोसियों ने भी युवक को वहां से हटाने का प्रयास किया। नेहा का कहना है कि इस दौरान अभिनव नशे की हालत में दो-तीन बार जमीन पर गिरा, जिससे उसके सिर में चोट आई।

वहीं, पुलिस के मौके पर पहुंचने पर युवक की पीठ और दाएं पैर में भी गंभीर चोटें मिलीं। इसके बाद उसे उपचार के लिए राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उपचार के दौरान 15 नवंबर को अभिनव की मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया। पुलिस ने इस प्रकरण में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए नेहा बिष्ट के पिता वीरेंद्र बिष्ट और उनके एक पड़ोसी को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ था और उसे चोटें किन परिस्थितियों में लगीं।

फिलहाल युवक की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है।

नेहा और उनके परिवार की ओर से दिए गए बयान तथा अन्य साक्ष्यों का पुलिस परीक्षण कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें :  वैश्विक संस्थानों में चयन महज संयोग नहीं, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम : डा. घनशाला

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.