PSP अस्पताल प्रबंधन पर तथ्यों को छिपाने और भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप, पहाड़ी आर्मी ने डॉक्टरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की उठाई मांग

हल्द्वानी। PSP अस्पताल में प्रसूता अर्शदीप कौर की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को मृतका के परिजनों ने पहाड़ी आर्मी के संस्थापक एवं अध्यक्ष हरीश रावत के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में धरना-प्रदर्शन कर अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और जांच पूरी होने तक अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई।

धरने के दौरान मृतका के पति तलविंदर भुल्लर ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद अस्पताल अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की ओर से उन्हें जो ईसीजी रिपोर्ट दी गई, उसमें 35 वर्षीय पुरुष का विवरण दर्ज था, जबकि उनकी पत्नी की उम्र महज 25 वर्ष थी। तलविंदर भुल्लर का कहना है कि यह गंभीर सवाल खड़े करता है कि आखिर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें गलत ईसीजी रिपोर्ट क्यों उपलब्ध कराई।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। परिजनों को अभी तक न्याय मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय नहीं मिला तो वे न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

पोस्टमार्टम और शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

धरने के दौरान परिजनों ने अस्पताल पर एक और गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि अस्पताल की ओर से पोस्टमार्टम नहीं होने दिया गया और कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर करवाकर मृतका का शव अस्पताल के पिछले रास्ते से घर भेज दिया गया। परिजनों ने इन सभी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई अनियमितता नहीं हुई है तो जांच में सभी तथ्यों को पारदर्शिता के साथ सामने लाया जाना चाहिए।

पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत ने कहा कि मामले में सामने आई जांच रिपोर्ट और डॉक्टरों के बयानों में भिन्नता दिखाई दे रही है, जो पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरीज के उपचार में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।

हरीश रावत ने मांग की कि मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और जांच पूरी होने तक PSP अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाए। उन्होंने जिला चिकित्सा अधीक्षक से इस्तीफा देने तथा जिला चिकित्सा अधिकारी की भूमिका की भी जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निजी अस्पतालों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जिम्मेदारी लेते हुए ठोस कार्रवाई नहीं की तो पहाड़ी आर्मी निजी अस्पतालों की कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष धरने में हुए शामिल

बुद्ध पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन में मृतका के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। इस दौरान मृतका की मां बलजीत कौर, ससुर गुरनाम सिंह, सास बलविंदर कौर सहित अक्षदीप, करमजीत कौर, प्रेमा, मनदीप कौर, अमलजीत कौर, जगदीप सिंह, मनदीप सिंह, मनप्रीत सिंह, शुभम धारीयाल, गुरवीर संधु, डी.डी. दानी समेत कई लोग मौजूद रहे।

फिलहाल अर्शदीप कौर की मौत का मामला गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। परिजन जहां अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और तथ्यों को छिपाने के आरोप लगा रहे हैं, वहीं उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और परिजनों को कब तक न्याय मिल पाता है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : खन्स्यु में बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, जरूरतमंदों को बांटे गए सहायक उपकरण; विभिन्न विभागों ने मौके पर दी योजनाओं की जानकारी और किया समस्याओं का निस्तारण

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.