देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में वर्दीधारी उप निरीक्षक (दरोगा) के 200 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र पुलिस बल (पीएसी), इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी), अग्निशमन और आबकारी विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
आयोग सचिव एनके डुंगरियाल के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत अलग-अलग विभागों में उप निरीक्षक और समकक्ष पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

कुल 200 पदों में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 पद, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 पद और प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी के 81 पद शामिल हैं।

इसके अलावा अग्निशमन विभाग में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पद और आबकारी विभाग में उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग के मुताबिक इन पदों के लिए महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी के सभी 81 पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। अन्य पदों के लिए निर्धारित पात्रता और आरक्षण संबंधी नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।
18 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित लिखित परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 रखी गई है, जबकि लिखित प्रतियोगी परीक्षा 18 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित की गई है। परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती से संबंधित शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मापदंड, आरक्षण, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति में उपलब्ध होगी।
लंबे समय से पुलिस और अन्य वर्दीधारी विभागों में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दिए गए सभी नियमों और शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की गलती न हो।
महत्वपूर्ण तिथियां:
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 1 दिसंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 31 दिसंबर 2026
लिखित परीक्षा: 18 अप्रैल 2027 (प्रस्तावित)
कुल पद: 200
नोट: परीक्षा तिथि प्रस्तावित है। अंतिम कार्यक्रम और पात्रता संबंधी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति देखें।

यह भी पढ़ें :  कोटाबाग क्षेत्र के दूरस्थ गांव की चौपाल से पहाड़ी रसोई तक पहुंचे SSP मंजूनाथ टी.सी., दूरस्थ क्षेत्रों में जनमिलन कर ग्रामीणों की समस्या व सुझाव से हुए रूबरू
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.