सरस आजीविका मेले में स्वरोजगार की योजनाओं की दी जानकारी, महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता से जुड़ने के लिए किया प्रेरित

महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, एमएसएमई और पीएमईजीपी योजनाओं की दी जानकारी

सरस मेले में दिखी लोक संस्कृति की झलक, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने पर जोर

हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला 2026 के चौथे दिन स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। मेले में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने महिलाओं, युवाओं और स्थानीय उद्यमियों को सरकार की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर युवा और महिलाएं अपने हुनर को व्यवसाय का रूप दे सकते हैं तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता को कुमाऊंनी संस्कृति की पहचान ऐपण कला से सुसज्जित आकर्षक पेंटिंग भी भेंट की गई। इससे स्थानीय लोककला और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का संदेश दिया गया।

वहीं, देर शाम आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। शहरवासियों ने भी कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया और देर शाम तक मेले में उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और अधिक से अधिक ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद और उनके प्रचार-प्रसार से स्थानीय कारीगरों, महिला समूहों, छोटे उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक मजबूती मिल सकती है।

सरस आजीविका मेला स्थानीय प्रतिभाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 21 नवंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.