शनि बाजार में सड़क बंद किए बिना होंगे निर्माण कार्य, सीवर लाइन की गुणवत्ता पर रहेगी विशेष नजर; अधिकारियों को समयसीमा और जनसुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश
हल्द्वानी। शहर में चल रहे विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और निर्माण कार्यों के चलते आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने यूयूएसडीए, पेयजल निगम, जमरानी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरे करें, ताकि विकास कार्यों के नाम पर आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
डीएम ने यूयूएसडीए के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। जिन क्षेत्रों में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां काम शुरू करने से पहले स्थानीय नागरिकों और प्रभावित लोगों को इसकी पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास में लेकर काम करने से न केवल स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि विकास कार्यों को लेकर विभाग के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा। निर्माण कार्यों के दौरान सड़क, यातायात और अन्य जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
मार्च से पहले पूरे हों पेयजल से जुड़े सभी कार्य
पेयजल निगम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल से संबंधित सभी कार्य मार्च माह से पहले अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। इसका उद्देश्य गर्मियों के मौसम में शहरवासियों को पेयजल संकट से बचाना है। उन्होंने शहर में बिछाई जा रही सीवर लाइनों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि सभी कार्य डीपीआर के अनुरूप और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार होने चाहिए। इसके लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में सड़कों की खुदाई या सीवर लाइन से संबंधित समस्याएं दोबारा सामने न आएं।
शनि बाजार में सड़क बंद नहीं होगी, यातायात व्यवस्था रहेगी सुचारू
शनि बाजार क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर डीएम ने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान सड़क को पूरी तरह बंद न किया जाए और यातायात व आम लोगों की आवाजाही सुचारू रखी जाए। इसके साथ ही गोलापार सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में कार्य शुरू करने से पहले स्थानीय लोगों और संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर विचार किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान जितने हिस्से में खुदाई की जाती है, उसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द भरकर सड़क को आवागमन के लिए सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सड़कों को खोदकर छोड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
रात में भी होंगे निर्माण कार्य, जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जाएगी श्रमिकों की संख्या
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि विकास कार्यों की प्रगति केवल बैठकों और पत्राचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। विभागीय अधिकारी स्वयं निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए उनका फॉलोअप लें।
उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है और रात्रि के समय सड़कों पर यातायात का दबाव अपेक्षाकृत कम रहता है। ऐसे में रात के समय का अधिकतम उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जा सके और दिन के समय यातायात एवं आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
गुणवत्ता और जनसुविधा से समझौता नहीं होगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के साथ ही यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों का लाभ जनता को समय पर मिले और निर्माण के दौरान होने वाली असुविधाओं को न्यूनतम रखा जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, परियोजना निदेशक यूयूएसडीए कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
























