कैंची धाम से नैनीताल तक यातायात व्यवस्था सुधारने पर रहेगा विशेष फोकस, अपराधियों को जेल पहुंचाने के साथ सजा दिलाना भी होगा पुलिस का लक्ष्य।
नैनीताल। जनपद नैनीताल के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू होकर अपनी प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम यातायात उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान नवागत एसएसपी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल केवल एक सामान्य जनपद नहीं, बल्कि कुमाऊं का प्रवेश द्वार है। पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और सामरिक दृष्टि से जिले का विशेष महत्व है। ऐसे में यहां कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाना बेहद जरूरी है।
नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान
एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस का फोकस केवल नशे के छोटे कारोबारियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशे की सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने पर रहेगा। इसके लिए PIT NDPS और गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। एएनटीएफ (ANTF) और एसओजी (SOG) को और अधिक मजबूत बनाकर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा।
डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी करने वालों पर कसेगा शिकंजा
बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीर चुनौती बताते हुए एसएसपी ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साइबर अपराधियों तक पहुंचने और मामलों का प्रभावी खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। साइबर सेल को आधुनिक तकनीकी उपकरणों और विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाया जाएगा। इसके साथ ही आम जनता को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोग ठगी का शिकार होने से बच सकें।
महिलाओं की सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नवागत एसएसपी ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाएगी। पर्यटक और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर देते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है।
नैनीताल से कैंची धाम तक जाम से मिलेगी राहत
नैनीताल जिले में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को देखते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना भी एसएसपी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नैनीताल, हल्द्वानी और कैंची धाम सहित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापारियों के साथ ही पर्यटन से जुड़े लोगों की आजीविका को भी लाभ पहुंचेगा।
गिरफ्तारी ही नहीं, अपराधियों को सजा दिलाना भी होगा लक्ष्य
एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने पुलिस की कार्यशैली में प्रभावी विवेचना और मजबूत पैरवी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ उन्हें न्यायालय से सजा दिलाना भी पुलिस का लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन, आधुनिक तकनीक का उपयोग और विवेचनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कानून-व्यवस्था और जनविश्वास मजबूत करने पर जोर
उन्होंने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस गश्त और सतर्क निगरानी बढ़ाई जाएगी। अपराधियों और अराजक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं को अच्छी यादें देकर भेजना प्राथमिकता
नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने अपने संकल्प को स्पष्ट करते हुए कहा कि नैनीताल आने वाला प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर जाए, यह पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। युवाओं को नशे से बचाना, आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना, महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाना पुलिस का प्रमुख लक्ष्य होगा।
उन्होंने दोहराया कि नैनीताल पुलिस केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी के माध्यम से उन्हें न्यायालय से सजा दिलाने के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
























