2017 बैच के IPS अधिकारी अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प

हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल जनपद को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद में आगमन के बाद उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से एसएसपी नैनीताल का पदभार संभाला।

पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सर्वप्रथम सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने जनपद की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल ली है।

सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू ऑपरेशन में निभाई अहम भूमिका

एसएसपी अर्पण यदुवंशी अपने अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुख कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिसिंग के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक रेलवे (GRP) के रूप में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा रेलवे से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए कार्य किया।

इसके बाद उन्हें पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी की जिम्मेदारी सौंपी गई। यहां उन्होंने करीब ढाई वर्षों तक कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की कमान संभाली। चारधाम यात्रा के दौरान गंगोत्री और यमुनोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उत्तरकाशी में उनके कार्यकाल की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान रहा। इस चुनौतीपूर्ण अभियान में उन्होंने घटना कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। विभिन्न बचाव एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान ने उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई।

SDRF के सेनानायक रहते हुए आपदा प्रबंधन में स्थापित किए नए मानक

एसपी उत्तरकाशी के बाद अर्पण यदुवंशी को सेनानायक, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई। करीब दो वर्षों तक उन्होंने SDRF का नेतृत्व करते हुए कई महत्वपूर्ण अभियानों का संचालन किया।

प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान उन्होंने एक माह तक SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया। वहीं अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में SDRF ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस अभियान में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि करीब 17 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

उनके नेतृत्व में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उनके कार्यकाल में लगभग 1 लाख 80 हजार लोगों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा और बचाव संबंधी जानकारियों के प्रति जागरूक किया गया।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उत्तराखंड का किया प्रतिनिधित्व

अर्पण यदुवंशी ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया है। उन्होंने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड की ओर से प्रतिभाग किया और सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा किया।

इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान भी दिए हैं।

कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित

अपने उत्कृष्ट कार्यों और सेवाओं के लिए अर्पण यदुवंशी को कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए हैं। इनमें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित अन्य सम्मान शामिल हैं।

नैनीताल पुलिस के सामने होंगी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां

नैनीताल जनपद पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश का बेहद महत्वपूर्ण जिला है। यहां सालभर देश-विदेश से पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। नैनीताल शहर, हल्द्वानी, भवाली, भीमताल, रामनगर, कैंची धाम और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों पर अंकुश और पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं।

ऐसे में आपदा प्रबंधन, पुलिसिंग और बड़े अभियानों का अनुभव रखने वाले नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी के सामने जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।

उनके अनुभव और नेतृत्व से नैनीताल पुलिस को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि नए कप्तान के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा के मोर्चे पर किस तरह नई उपलब्धियां हासिल करती है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : खन्स्यु में बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, जरूरतमंदों को बांटे गए सहायक उपकरण; विभिन्न विभागों ने मौके पर दी योजनाओं की जानकारी और किया समस्याओं का निस्तारण

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.