नैनीताल के भवाली मे बारातियों की अचानक बिगड़ी तबीयत, सात लोग अस्पताल में भर्ती

भूमियाधार में बारात के दौरान बिगड़ी सात लोगों की तबीयत, फूड पॉइजनिंग की आशंका से मचा हड़कंप

रिपोर्ट : गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। जिले के भूमियाधार क्षेत्र में कोटाबाग ब्लॉक से आई एक बारात में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक कई बारातियों की तबीयत बिगड़ने लगी।

उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सात लोगों को आनन-फानन में भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।

बीमार लोगों में छह साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। घटना के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार कोटाबाग ब्लॉक के एक गांव से बारात नैनीताल के भूमियाधार क्षेत्र में आई थी। बारात में करीब 100 से 150 लोग शामिल थे। शादी समारोह के दौरान अचानक कुछ बारातियों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों और अन्य बारातियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में दक्ष (6), मयंक (15), आशा देवी (35), गोधन सिंह (29), बिमला देवी (40), गौरव अधिकारी (20) और देव सिंह (40) शामिल हैं। सभी मरीजों को अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्काल उपचार देना शुरू कर दिया।

स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को ड्रिप चढ़ाने के साथ आवश्यक दवाएं और एंटीबायोटिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद सभी सात मरीजों की हालत स्थिर बताई गई है। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी को अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां स्वास्थ्य टीम ने तत्परता से उपचार शुरू किया।

इस संबंध में भवाली सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि भूमियाधार में कोटाबाग से बारात आई हुई थी। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद सात मरीजों को अस्पताल लाया गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया और ड्रिप सहित आवश्यक दवाएं दी गईं। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है।

बारात में एक साथ सात लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटना से शादी समारोह में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अस्पताल में समय पर उपचार मिलने से सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें :  काशी की तर्ज पर हरिद्वार में भी देव दीपावली का भव्य नजारा, 21 हजार दीपों से जगमगाई हरकी पैड़ी; गंगा आरती और लेजर शो ने मोहा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.