लेखपालों की हड़ताल के चलते लंबे समय से प्रभावित था प्रमाण पत्रों का काम

 एसडीएम मोनिका ने कहा- एक से दो दिन में निपटाई जाएगी लंबित आवेदनों की प्रक्रिया

हल्द्वानी। लंबे समय से प्रभावित चल रही प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को लेकर अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। लेखपालों की हड़ताल के कारण प्रमाण पत्रों से संबंधित सत्यापन कार्य प्रभावित हो रहा था, लेकिन प्रशासन ने अब इस जिम्मेदारी के लिए अमीनों को तैनात कर दिया है।

उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका ने स्पष्ट किया है कि प्रमाण पत्रों से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण आगामी एक से दो दिनों में कर दिया जाएगा और नए आवेदनों पर भी निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई होगी एसडीएम मोनिका ने बताया कि मैदानी लेखपाल संगठन चार मैदानी जनपदों में 16 अक्टूबर से प्रमाण पत्रों से संबंधित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर था।

इस दौरान लेखपालों द्वारा केवल प्रमाण पत्रों के सत्यापन से जुड़े कार्य प्रभावित हुए थे। जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में अब यह जिम्मेदारी अमीनों को सौंप दी गई है।

इसके लिए उनके क्षेत्र भी आवंटित कर दिए गए हैं, ताकि प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया दोबारा सुचारू रूप से संचालित हो सके उन्होंने बताया कि वर्तमान में लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है।

प्रशासन का प्रयास है कि अगले एक से दो दिनों के भीतर सभी लंबित मामलों का निपटारा कर दिया जाए इसके साथ ही आगे आने वाले प्रमाण पत्रों के आवेदनों का भी निर्धारित समय के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। एसडीएम ने आम जनता से अपील की है कि प्रमाण पत्रों को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम या चिंता में न रहें।

वर्तमान में अमीनों के माध्यम से सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें :  लालकुआं-बिंदुखत्ता में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दौरा, लोकथात संस्कृति महोत्सव में करेंगे शिरकत

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.