उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है, जिसकी वजह से पांच व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लापता हैं. मौसम विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन के सचिव विनोद कुमार सुमन से प्रभावित क्षेत्रों और वहां जारी बचाव और राहत कार्यों की जानकारी ली।

साथ ही खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा संबंधित जिलाधिकारियों को अपने स्तर पर निर्णय लेने को कहा है.

आपदा प्रबंधन के सचिव विनोद कुमार सुमन बताया कि भारी बारिश से केदारनाथ मार्ग पर भीमबली चौकी के पास 20-25 मीटर का पैदल रास्ता बह गया है. ऐसे में फंसे 200 यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग जिला आपातकालीन केंद्र से मिली सूचना के अनुसार केदारनाथ में कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. इसके अलावा, सोनप्रयाग में मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है।

स्कूलों को बंद रखने के आदेश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट पर रहने को कहा है. धामी ने मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से निकलें. उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी और राज्य में आने वाले यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके अलावा, हरिद्वार और ऋषिकेश में स्थित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र में पंजीकरण की प्रक्रिया गुरुवार को बंद रहेगी. बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून और नैनीताल जिलों में पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी

बारिश की वजह से उत्तराखंड में हालात खराब होते जा रहे हैं. मौसम विभाग ने चार दिन पहले बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था. राज्य की लगभग सभी नदियां बारिश होने से उफान पर हैं, जिसकी वजह से प्रशासन लगातार लोगों से नदियों किनारे न जाने को लेकर अपील कर रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी-रामनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 10 प्रतिष्ठानों की जांच

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.