चार दिन पहले बुआ की सीने में दर्द उठने से हुई मौत अब भतीजी की भी ठीक ऐसे ही हुई मौत,दोनों मौतों में समानता पर सवाल 

अल्मोड़ा। धौलछीना गांव से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार में चार दिन के भीतर दो युवतियों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।

पहले बुआ और अब भतीजी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के अनुसार, धौलछीना निवासी 23 वर्षीय कमला मेहरा की चार दिन पहले अचानक सीने में तेज दर्द के बाद मौत हो गई थी।

वह धौलछीना बाजार में ‘सुविधा होटल’ के मालिक लाल सिंह मेहरा की बेटी थीं। बताया जा रहा है कि वह बकरियों का चारा लाने के बाद नहाने गईं थीं, तभी उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और बेहोश होकर गिर पड़ीं।

परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया। कमला की शादी इसी साल नवंबर में तय थी, परिवार पूरी तैयारी में जुटा था। लेकिन खुशियों का यह सपना मातम में बदल गया।

परिवार इस गम से उबरा भी नहीं था कि शुक्रवार को कमला की 19 वर्षीय भतीजी दीक्षा मेहरा की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दीक्षा, महेंद्र मेहरा की बेटी थी और अल्मोड़ा स्थित एसएसजे परिसर में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।

इन दिनों गर्मियों की छुट्टियों में वह घर आई हुई थी। शुक्रवार को बाजार से लौटने के बाद अचानक उसके सीने में भी दर्द उठा। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में एक सप्ताह के भीतर दो बेटियों की मौत ने सभी को तोड़कर रख दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन शोक में डूबे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवतियां पूरी तरह स्वस्थ थीं, ऐसे में एक ही तरह की मौतों ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

कमला और दीक्षा दोनों की मौत अचानक सीने में दर्द के बाद हुई, जिससे यह मामला और रहस्यमयी बन गया है।

हालांकि अभी तक इन मौतों को लेकर कोई मेडिकल जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है, लेकिन क्षेत्रीय लोग स्वास्थ्य विभाग से गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रामनगर पूछड़ी में वन विभाग का बड़ा एक्शन, दूसरे चरण में 81 अवैध निर्माण ध्वस्त, 5 हेक्टेयर तक वन भूमि कब्जामुक्त

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.