ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत में प्रधान पद के प्रत्याशी का निधन

निर्वाचन आयोग ने देवलग्वाड़ में प्रधान पद के लिए होने वाले पंचायत चुनाव को स्थगित

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के विकासखंड देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत में प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह (38) का शनिवार को निधन हो गया।

इस दुखद घटना के बाद निर्वाचन आयोग ने देवलग्वाड़ में प्रधान पद के लिए होने वाले पंचायत चुनाव को स्थगित कर दिया है। हालांकि, अन्य पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया यथावत जारी रहेगी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, राजेंद्र सिंह पुत्र नैन सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें थराली अस्पताल ले जाया गया।

जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। राजेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।

उनके निधन से देवलग्वाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने उन्हें एक सक्रिय और जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में याद किया, जो ग्राम पंचायत के विकास के लिए समर्पित थे।

राजेंद्र सिंह के निधन की सूचना मिलते ही विकासखंड के निर्वाचन अधिकारी अश्विनी गौतम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पत्र जारी कर देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत में प्रधान पद के चुनाव को स्थगित करने की घोषणा की।

निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय का असर केवल प्रधान पद के चुनाव पर होगा, जबकि ग्राम पंचायत के अन्य पदों के लिए मतदान और चुनावी प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी।

यह घटना स्थानीय समुदाय के लिए एक बड़ा आघात है, क्योंकि राजेंद्र सिंह को गांव में एक संभावनाशील प्रत्याशी के रूप में देखा जा रहा था।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में दर्दनाक घटना : जुड़वा बच्चों में एक की मौत के बाद पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
error: Content is protected !!