ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पूजा कर रही महिला पर अचानक एक युवक ने फावड़े से किया हमला,महिला गंभीर रूप से घायल
लालकुआँ। बिंदुखत्ता क्षेत्र के विकासपुरी नंबर 2 में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। पूजा कर रही महिला पर अचानक एक युवक ने फावड़े से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार गोकुलधाम कॉलोनी निवासी हेमंत सिंह जीना की पत्नी कमला जीना घर में पूजा कर रही थीं। तभी छत के रास्ते घर में घुसा युवक उन पर टूट पड़ा और फावड़े से सिर पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान उत्तम कुमार शर्मा निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन धारदार हथियार भी बरामद हुए। पुलिस आरोपी से घटना के कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है।

गंभीर रूप से घायल कमला जीना को ग्रामीणों की मदद से 108 एम्बुलेंस द्वारा हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कोतवाली लालकुआँ पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद जल्द ही घटना की वजह सामने लाई जाएगी।

इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें :  ओखलकांडा : डालकन्या (डेंफ्टा) में 4 जून से शुरू होगी सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र लीला, श्रद्धालुओं को किया गया आमंत्रित
error: Content is protected !!