Liquor bottles in grocery store

उत्तराखंड में शराब उपभोक्ताओं के लिए दिसंबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है. धामी सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 की आबकारी नीति में संशोधन करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12 प्रतिशत वैट दोबारा लागू करने का फैसला कर लिया है।

सरकार के इस कदम का सीधा असर शराब के खुदरा मूल्यों पर पड़ेगा और कीमतों में 40 से 100 रुपये प्रति बोतल तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने जानकारी देते हुए बताया- आदेश जारी होने के बाद नई दरों को सुचारू और पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए एक विस्तृत टाइम-लाइन निर्धारित की गई है।

विभाग ने सरकार से तैयारी के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, जिसे अनुमोदन मिल गया. इसी के तहत 15 दिसंबर से पूरे प्रदेश में संशोधित दरें लागू कर दी जाएंगी।

जब 2025-26 की आबकारी नीति का प्रारूप बनाया गया था, तब एक्साइज ड्यूटी पर से वैट हटाने का प्रस्ताव रखा गया था।

विभाग का तर्क था कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी एक्साइज ड्यूटी पर वैट नहीं लगाया जाता, ऐसे में उत्तराखंड की नीति को प्रतिस्पर्धी बनाने और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह निर्णय व्यावहारिक था।

लेकिन राज्य के वित्त विभाग ने इस कदम पर आपत्ति जताई और राजस्व हानि की आशंका के मद्देनज़र वैट को हटाने की अनुमति नहीं दी. वित्त विभाग के रुख के बाद सरकार को नीति में सुधार करते हुए वैट को फिर से शामिल करना पड़ा।

नई व्यवस्था लागू होने पर शराब के दामों में स्पष्ट उछाल देखने को मिलेगा. कंट्री मेड अंग्रेजी शराब के पव्वे पर करीब 10 रुपये, जबकि बोतल पर 40 रुपये की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है. वहीं विदेशी ब्रांडेड अंग्रेजी शराब के दाम प्रति बोतल 100 रुपये तक बढ़ जाएंगे।

पहले से ही उत्तराखंड में शराब की कीमतें पड़ोसी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुकाबले अधिक हैं।

ऐसे में दाम बढ़ने के बाद राज्य में शराब खरीदना और महंगा हो जाएगा. सरकार का तर्क है कि संशोधित नीति से राजस्व संग्रह मजबूत होगा।

हालांकि, उपभोक्ताओं को इसके लिए अपनी जेब कुछ और ढीली करनी पड़ेगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  समान कार्य-समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर पीआरडी जवानों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.