अंकिता भंडारी को न्याय ना मिलने पर कांग्रेस ने कालाढूंगी में निकाला कैंडल मार्च

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, शहीद उधम सिंह पार्क में दिवंगत अंकिता को दी श्रद्धांजलि

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर प्रदेशभर में विरोध और आक्रोश के बीच कालाढूंगी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने दिवंगत अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर कालाढूंगी के मुख्य बाजार से पैदल मार्च करते हुए शहीद उधम सिंह पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। ऐसे में मामले से जुड़े सवालों का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार और प्रदेश की जनता का विश्वास कायम रह सके। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता दुष्यंत गौतम का नाम सामने आने और उन्हें सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने इस संबंध में उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच और सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष पांडे ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, सभी संबंधित पहलुओं की पड़ताल नहीं की जाती और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण केवल एक परिवार से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर जनता के भरोसे से भी जुड़ा है। उन्होंने मांग की कि मामले में उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

कैंडल मार्च के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए न्याय की मांग दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण को लेकर पार्टी आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन और जनजागरण अभियान जारी रखेगी।

कैंडल मार्च में ये रहे शामिल: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष पांडे, अवतार सिंह रावत, भोला दत्त भट्ट, चंदन शाह, प्रवीण कुमार, प्रेम बल्लभ जोशी, राजकुमार पांडे, पूर्व प्रधान हरीश आर्य, कृष्णानंद पांडे, कमल बिष्ट, तेजेंद्र मेहरा, स्वास्तिक उपाध्याय, बालम सिंह, सलमान वारसी और राहुल भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में पत्नी की वेवफाई में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 7 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.