रानीखेत। उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड शासन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए लागू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट शोध पत्र प्रकाशन प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के चार शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।

यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय, बल्कि समूचे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

योजना के अंतर्गत महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग से डॉ. भारत पांडेय एवं डॉ. प्रसून जोशी, वनस्पति विज्ञान (बॉटनी) विभाग से डॉ. प्राची जोशी तथा प्राणी विज्ञान (जूलॉजी) विभाग से डॉ. प्रमोद जोशी के शोध कार्यों को उत्कृष्ट श्रेणी में चयनित किया गया है। चयनित शोध पत्रों का मूल्यांकन विषय-विशेषज्ञों की समिति द्वारा किया गया।

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट शोध पत्र प्रकाशन प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य राज्य के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शोध को प्रोत्साहित करना तथा अकादमिक शोध संस्कृति को सुदृढ़ करना है। इस योजना के माध्यम से विशेष रूप से विज्ञान विषयों में किए जा रहे नवाचारी और प्रभावी शोध कार्यों को मान्यता दी जाती है।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत से विभिन्न विज्ञान विषयों के शिक्षकों का इस योजना में चयन यह स्पष्ट करता है कि महाविद्यालय में शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता का वातावरण लगातार सशक्त हो रहा है। यह उपलब्धि न केवल शिक्षकों के लिए सम्मानजनक है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने चयनित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता महाविद्यालय की मजबूत शैक्षणिक परंपरा, सतत शोध प्रयासों और सामूहिक अकादमिक सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी महाविद्यालय राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर शोध के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जेसीबी से हटाए 25 से 30 स्ट्रक्चर; सड़क चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.