ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल पर सख्ती जारी है। विश्वविद्यालय की सचल दल टीमें लगातार कॉलेजों में औचक निरीक्षण कर रही हैं, जिसके चलते नकलचियों की धरपकड़ हो रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश के सबसे बड़े कॉलेज एमबीपीजी हल्द्वानी में एक छात्रा को अनोखे तरीके से नकल करते हुए पकड़ा गया।

बीए प्रथम वर्ष (शिक्षा शास्त्र) की छात्रा दोनों हाथों पर नकल की सामग्री इस तरह लिखकर परीक्षा देने पहुंची थी, मानो हाथों में मेहंदी रची हो।

परीक्षा कक्ष में निरीक्षण के दौरान जब कुवि के सचल दल ने छात्रा से जैकेट की आस्तीन ऊपर करने को कहा, तो प्राध्यापक भी उसके नकल के तरीके को देखकर हैरान रह गए।

अनुचित साधन प्रयोग का मामला सामने आने पर विश्वविद्यालय की टीम ने यूएफएम नियमावली के तहत छात्रा के खिलाफ कार्रवाई की।

उसकी उत्तरपुस्तिका सील कर रिपोर्ट विश्वविद्यालय के परीक्षा अनुभाग को भेज दी गई है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई गुरुवार को शाम की पाली की परीक्षा के दौरान की गई।

बताया गया कि कार्रवाई के दौरान छात्रा माफी मांगने लगी, लेकिन नियमों के तहत शिक्षक पीछे नहीं हटे। इधर, एमबीपीजी कॉलेज में दो दिसंबर से अब तक 30 से अधिक नकलची पकड़े जा चुके हैं। इनमें विश्वविद्यालय की टीम के साथ-साथ कॉलेज के आंतरिक उड़नदस्ते द्वारा पकड़े गए छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, पकड़े गए मामलों में छात्रों की तुलना में छात्राओं की संख्या अधिक सामने आई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : चंद्र ग्रहण को लेकर एरीज के वैज्ञानिक उत्साहित
error: Content is protected !!