चार महीने की रुकी सैलरी के बदले सेक्सुअल फेवर मांगने का आरोप
नई टिहरी जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जाखणीधार ब्लॉक की एक शिक्षिका ने प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रोशन लाल पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। शिक्षिका की तहरीर पर नई टिहरी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वेतन न मिलने से परेशान थी पीड़िता
पीड़िता के अनुसार, वह एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं और बीते चार महीनों से उनका वेतन नहीं दिया गया, जिससे वह आर्थिक रूप से बेहद परेशान हो गई थीं। वेतन संबंधी समस्या को लेकर उन्होंने कई बार बीईओ कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
समायोजन के नाम पर दूरस्थ स्कूल भेजे जाने का आरोप
शिक्षिका का आरोप है कि समायोजन के नाम पर उन्हें एक दूरस्थ विद्यालय भेज दिया गया, जहां मात्र दो छात्र पढ़ते हैं। बाद में काफी प्रयासों के बाद उनकी पुनः पुराने स्कूल में तैनाती हो पाई।
मदद मांगने पर संबंध बनाने की मांग
पीड़िता ने बताया कि वेतन के मामले में जब उन्होंने शिक्षक नेता रोशन लाल से मदद मांगी, तो उन्होंने शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। आरोप है कि आरोपी ने उनके मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भी भेजे।
परिजनों ने किया हंगामा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मामले की जानकारी मिलने पर शनिवार शाम शिक्षिका के परिजनों ने नगर क्षेत्र में हंगामा किया और आरोपी से जुड़े एक वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया।
आरोपी ने आरोपों से किया इनकार
आरोपी रोशन लाल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उन्होंने शिक्षिका को मकान निर्माण के लिए 80 हजार रुपये दिए थे। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो शिक्षिका उन पर झूठे आरोप लगाने लगीं। उनका यह भी कहना है कि वेतन को लेकर उन्होंने बीईओ कार्यालय में बातचीत की थी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





