कल से शुरू होगा नामांकन, लिंगदोह कमेटी के नियमों का पालन अनिवार्य; चुनाव के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं—प्रशासन
हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे अधिक छात्र संख्या वाले एमबीपीजी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। महाविद्यालय में कल से छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। वहीं पिछले दिनों चुनावी माहौल के दौरान सामने आई अराजकता और विवाद की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने इस बार चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी तेज कर दी है।
इसी क्रम में गुरुवार को महाविद्यालय प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रसंघ चुनाव में भाग लेने वाले विभिन्न प्रत्याशियों और छात्र प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।
बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और सभी प्रत्याशियों को नियमों के दायरे में रहकर चुनाव प्रचार करना होगा। किसी भी प्रत्याशी या समर्थक द्वारा हंगामा, मारपीट, नारेबाजी के नाम पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, जबरन जुलूस निकालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या अन्य किसी प्रकार की अराजकता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने प्रत्याशियों को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान यदि किसी ने नियम-कानून का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर किसी भी तरह की दबंगई या अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाए जाने की तैयारी है। प्रशासन का प्रयास है कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों से अपील की कि वे अपने समर्थकों को भी नियमों की जानकारी दें और चुनाव को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के रूप में लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।





































