ट्रांसपोर्ट नगर के पास कार घेरकर चार अज्ञात हमलावरों ने की मारपीट, हालत गंभीर; काशीपुर रेफर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रामनगर। रामनगर में गुरुवार तड़के यूथ कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं ट्रांसपोर्टर गोपाल अधिकारी उर्फ गोपू पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें रामनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए काशीपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गोपाल अधिकारी गुरुवार सुबह करीब चार बजे बाइपास पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर के समीप उनकी कार को कथित तौर पर चार अज्ञात लोगों ने घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने कार से बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की और ईंट से हमला किया। हमले में गोपाल अधिकारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने हमलावरों को आते देखा तो वे वहां से फरार हो गए। घटना के बाद कार के अंदर भी खून के धब्बे पाए जाने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गोली चलने की भी चर्चा, पुलिस को नहीं मिले साक्ष्य
हमले के दौरान गोली चलने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौके से गोली चलने के फिलहाल कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर घटना की पूरी कड़ी को सामने लाया जा सके।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गोपाल अधिकारी के साथ हुई इस घटना के बाद रामनगर के राजनीतिक और ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में भी हलचल बढ़ गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।










