ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल। विकास भवन भीमताल सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न विभागों को जिला, राज्य, केन्द्र व बाह्य सहायतित योजनाओं में प्राप्त धनराशि से किए गए कार्यों के साथ ही बीस सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।

जिले में विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के करीब है, ऐसे में सभी विभाग यह सुनिश्चित कर लें कि सभी मदों में प्राप्त धनराशि 15 मार्च तक शत-प्रतिशत खर्च हो जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद समय पर भुगतान के साथ उपभोग प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाए।

सीडीओ ने कहा कि नैनीताल जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे, इसके लिए सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत धनराशि व्यय करने के साथ बीस सूत्रीय कार्यक्रम के सभी मदों में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त की जाए। जिन विभागों में अभी भी धनराशि अवशेष है, वे हर हाल में 15 मार्च से पूर्व धनराशि व्यय करना सुनिश्चित करें।

बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विभागों ने अब तक बेहतर कार्य करते हुए अच्छी प्रगति हासिल की है, उसी तरह इस माह भी जनपद सभी मदों में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त करे।

बैठक में उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 मार्च से मोटर मार्गों पर हॉटमिक्स और डामरीकरण कार्य हर हाल में प्रारंभ कर दिया जाए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन धनराशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने तथा बाल विकास विभाग को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों के पास लंबे समय से धनराशि पड़ी है और मार्च में भी खर्च नहीं हो पाती है, तो ऐसे विभागीय अधिकारियों से ब्याज सहित धनराशि वसूल की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी धन का पूर्ण सदुपयोग होना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे किए जाएं। जिन विभागों के निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनके अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण भी करें। यदि कार्य अधूरे पाए जाते हैं तो कार्यदायी संस्था के साथ संबंधित विभागीय अधिकारी की भी जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

बैठक में सीएमओ डॉ. हरीश पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी के चकलुवा में 24वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आगाज

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.