एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर मोबाइल ऐप सेल की बड़ी कार्रवाई, यूपी समेत कई राज्यों से खोज निकाले गए मोबाइल फोन; रिकवरी टीम को मिलेगा 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार
नैनीताल पुलिस का कमाल! 55 लाख के 250 गुम मोबाइल बरामद, SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने टीम को किया पुरस्कृत करने का ऐलान।
नैनीताल। जनपद नैनीताल में गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश कर रही पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के दिशा-निर्देशों पर नैनीताल पुलिस की मोबाइल ऐप सेल ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न ब्रांड के 250 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 55 लाख 25 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे पर फोन वापस मिलने के बाद खुशी साफ नजर आई। मोबाइल स्वामियों ने नैनीताल पुलिस और एसएसपी का आभार व्यक्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जुलाई 2026 से 4 नवंबर 2026 तक नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और भारत सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से विभिन्न लोगों के मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप सेल (साइबर सेल) की प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए गुमशुदा मोबाइल फोन के IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि कई गुमशुदा मोबाइल फोन अलग-अलग राज्यों और जनपदों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मोबाइल फोन की लोकेशन और उनके उपयोग से संबंधित जानकारियां जुटाईं।
पुलिस की मेहनत रंग लाई और उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से कुल 250 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।
इन कंपनियों के मोबाइल फोन हुए बरामद
नैनीताल पुलिस द्वारा बरामद किए गए 250 मोबाइल फोन में विभिन्न नामी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम की मेहनत और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस पूरी कार्रवाई में मोबाइल ऐप सेल (साइबर सेल) की प्रभारी उपनिरीक्षक श्रीमती मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जो अपने कीमती मोबाइल फोन खोने के बाद उन्हें वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।
तकनीक और पुलिस की मेहनत के बेहतर तालमेल से 250 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल सके।

