ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल क्षेत्र की सड़कों की बदहाली को लेकर फिर गरजे हरीश पनेरू, एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग कार्यालय पर धरना, कई सड़क परियोजनाओं के शीघ्र निर्माण की उठाई मांग

हल्द्वानी। भीमताल क्षेत्र की जर्जर सड़कों एवं वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने हल्द्वानी स्थित सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए हरीश पनेरू ने कहा कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सजानी-बड़ोन मोटर मार्ग मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल होने के बावजूद अब तक स्वीकृत नहीं हो पाया है, जो क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है।

उन्होंने डालकनिया-भोलापुर मोटर मार्ग, करायल-टकुरा-जमराड़ी मोटर मार्ग, भीमताल-भालूगाड़ मोटर मार्ग तथा पदमपुरी-चाफी मोटर मार्ग की खस्ताहाल स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए इनके शीघ्र पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य शुरू करने की मांग की।

हरीश पनेरू ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों द्वारा इन सड़कों के संबंध में ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में सुशील भट्ट, मेहुल शाह, ललित चिलवाल, प्रकाश आर्या, महेंद्र धोपाल, बसंत पनेरू, राम सिंह चिलवाल, गोकुल मेलकानी, प्रबल धरमवाल, हर्ष शर्मा, मयंक बचखेती, बालम चिलवाल, नरेंद्र पनेरू, कैलाश विष्ट, खिमेश पनेरू, केशव बिष्ट, हिमांशु पलड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : सीआरएसटी इंटर कॉलेज में कुमाऊं विश्वविद्यालय के इनोवेशन एवं इन्क्यूबेशन सेल ने आयोजित की आउटरीच कार्यशाला

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.