ब्रेकिंग न्यूज़

शुगर कंट्रोल चूर्ण में मिली ये अंग्रेजी दवा, हिरण के सींग से बना रहे थे आयुर्वेदिक भस्म, फैक्ट्री पर छापा

उधम सिंह नगर।  दिनेशपुर में नकली दवा बनाने वाली एक फैक्ट्री का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ‘प्रीत फूड’ के नाम से संचालित इस अवैध फैक्ट्री पर प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाएं, शुगर-विटामिन की गोलियां और हिरण के सींग बरामद किए हैं।

शिकायत के बाद एसडीएम गदरपुर ऋचा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, वन विभाग और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने नगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित एक घर में छापा मारा।

जांच में सामने आया कि अंग्रेजी दवाओं को पीसकर ‘शुगर कंट्रोल’ नाम से आयुर्वेदिक चूर्ण बनाकर बेचा जा रहा था। यह उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में भी सप्लाई किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान टीम को हिरण के सींग भी मिले, जिन्हें पीसकर आयुर्वेदिक भस्म तैयार की जा रही थी। इसके अलावा मौके से एक अवैध असलाह और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक स्वरूप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले का खुलासा एक व्यक्ति की शिकायत के बाद हुआ, जिसने शुगर की दवा खरीदने के बावजूद कोई फायदा न होने पर प्रशासन से शिकायत की थी। सोमवार 20 अप्रैल को हुई इस छापेमारी की कार्रवाई देर रात तक चलती रही।

प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मकान के कमरे से युवक का शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.