ब्रेकिंग न्यूज़

पुलिस हिरासत में पूर्व प्रधान की मौत,  पुलिस के 5 कर्मियों पर हत्या का मुकदमा

चमोली। ज्योतिर्मठ क्षेत्र के मोल्टा गांव निवासी पूर्व प्रधान बलवंत सिंह की पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्वजन और ग्रामीणों ने हरियाणा के रोहतक से आए पांच पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

सोमवार को गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने गोपेश्वर थाने में जमकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, वे श्रीनगर अस्पताल में रखे शव को नहीं लेंगे।

देर शाम पुलिस ने हरियाणा के पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसके बाद परिजन शव लेने के लिए तैयार हुए।

जानकारी के अनुसार, रविवार को हरियाणा पुलिस के पांच लोग गोपेश्वर थाने पहुंचे और बताया कि 65 वर्षीय बलवंत सिंह के खिलाफ रोहतक में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में लेने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सुबह करीब 9 बजे उन्हें अपने साथ ले जाया गया।

रास्ते में कर्णप्रयाग पहुंचने पर बलवंत सिंह की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया। वहीं उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों ने बलवंत सिंह के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि उनकी तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हुई है।

गोपेश्वर थाना प्रभारी अनिरुद्ध ब्यास ने बताया कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी और थाने की सीसीटीवी फुटेज में बलवंत सिंह को खुद चलते हुए देखा गया है।

इस बीच उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

मृतक के पुत्र प्रवेश सिंह ने कहा कि उनके पिता की हत्या हुई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजन शव लेने के लिए श्रीनगर रवाना हो गए हैं। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में आरक्षण को लेकर बवाल, एमबीपीजी कॉलेज में छात्रों का हंगामा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.