ब्रेकिंग न्यूज़

20 हजार का लोन बना 1.20 लाख का, आफिस में बंधक बनाने पर महिला ने बुलायी पुलिस

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में लोन वसूली को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

20 हजार रुपये के ऋण पर 1.20 लाख रुपये की वसूली का नोटिस मिलने से नाराज महिला खाताधारक ने खुद को कार्यालय में बंधक बनाकर धमकाने का आरोप लगाया।

मामला आवास विकास स्थित नैनीताल हाईवे पर स्थित संपूर्ण जीवन धन निधि लिमिटेड के कार्यालय का है। गुरुवार को रेशमा नाम की महिला अपने गारंटर के साथ कंपनी कार्यालय पहुंची थी।

महिला का कहना है कि उसने करीब 20 हजार रुपये का लोन लिया था, लेकिन उसे करीब 1.20 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा गया। जब उसने इस बारे में कंपनी के अधिकारियों से सवाल किए तो कंपनी के एमडी ने उसे कार्यालय में रोककर डराने-धमकाने की कोशिश की।

स्थिति बिगड़ने पर महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई।

इसी दौरान महिला का गारंटर भी मौके पर पहुंच गया और कार्यालय का दरवाजा खुलते ही विवाद और बढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह हालात को काबू में किया।

घटना के दौरान एमडी पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी लगा। वहीं कुछ देर बाद कंपनी की एक महिला डायरेक्टर, जो एमडी की पत्नी बताई जा रही हैं, कमर में पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचीं, जिस पर महिला खाताधारक ने उन्हें भी धमकाने का आरोप लगाया।

आवास विकास चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज जलाल ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार कंपनी प्रबंधन और महिला खाताधारक दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  लालकुआं में श्रद्धा-भक्तिभाव से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती, दुग्धशाला प्लांट की मशीनरी का विधिवत पूजन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.