ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल-भवाली मार्ग के समीप हुआ हादसा, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर वाहन सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला; बड़ा हादसा टला
भीमताल। भीमताल-भवाली रोड के समीप गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक पिकअप वाहन ग्रामीण मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर खाई की ओर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पिकअप में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई और बड़ा नुकसान होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पति राजेंद्र कुमार पिकअप वाहन से घोड़ाखाल से सामान लेकर सातताल रोड की ओर जा रहे थे। सातताल जाने के लिए उन्होंने रास्ते की जानकारी लेने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया। बताया गया कि गूगल मैप ने उन्हें मुख्य सड़क के बजाय एक ग्रामीण मार्ग की ओर मोड़ दिया।
ग्रामीण मार्ग संकरा होने के कारण पिकअप को वहां से निकालना मुश्किल हो गया। इसी दौरान वाहन का एक पहिया सड़क से नीचे चला गया और पिकअप अचानक असंतुलित होकर खाई की ओर पलट गई। वाहन के पलटते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव करते हुए वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों की तत्परता से हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग स्थानीय आवागमन के लिए है और काफी संकरा होने के कारण बड़े या बाहरी वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। ऐसे में बाहरी वाहनों के इस रास्ते पर पहुंचने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीण मार्ग पर लगाए जाएंगे लोहे के पाइप
ग्राम प्रधान पति राजेंद्र कुमार ने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने और ग्रामीण मार्ग पर अनावश्यक रूप से बाहरी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए जल्द ही रास्ते पर लोहे के पाइप लगाए जाएंगे। इससे बड़े वाहनों को ग्रामीण मार्ग में प्रवेश करने से रोका जा सकेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गूगल मैप जैसे डिजिटल नेविगेशन के सहारे वाहन चालक कई बार ऐसे रास्तों पर पहुंच जाते हैं, जो वाहन संचालन के लिहाज से सुरक्षित या उपयुक्त नहीं होते। ग्रामीणों ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि अपरिचित क्षेत्रों में यात्रा करते समय केवल ऑनलाइन मैप पर निर्भर रहने के बजाय स्थानीय लोगों से रास्ते की जानकारी भी लेनी चाहिए।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में निजी बाइक-स्कूटी से डिलीवरी और राइडिंग सेवा पर सख्ती, अब लेना होगा कमर्शियल नंबर; हजारों युवाओं के सामने बढ़ी चुनौती
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.