ब्रेकिंग न्यूज़

42 वर्षीय गणेश सिंह नेगी का शव मिलने से मचा हड़कंप, दो माह पहले ही मुजफ्फरनगर से धुमाकोट हुआ था तबादला
पौड़ी/धुमाकोट। पौड़ी जिले के धुमाकोट में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ब्रांच मैनेजर 42 वर्षीय गणेश सिंह नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

उनका शव तहसील क्षेत्र स्थित किराए के मकान के कमरे में रस्सी के सहारे सरिये से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
मृतक गणेश सिंह नेगी पुत्र सुरेंद्र सिंह नेगी मूल रूप से शरदापुरी, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के निवासी थे। वह भारतीय स्टेट बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। करीब दो माह पहले ही उनका मुजफ्फरनगर से स्थानांतरण होकर धुमाकोट हुआ था। इसके बाद से वह धुमाकोट तहसील क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे।
परिजनों के फोन नहीं उठाने पर कर्मचारी को भेजा
बताया गया कि गणेश सिंह नेगी से परिवार के लोग फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन काफी देर तक उनका फोन नहीं उठा। इससे परिजन चिंतित हो गए। उनके पिता सुरेंद्र सिंह नेगी ने बैंक के एक कर्मचारी को फोन कर गणेश से बात कराने के लिए उनके कमरे पर भेजा।
कर्मचारी जब गणेश के किराए के मकान पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर किचन में गणेश सिंह नेगी का शव रस्सी के सहारे सरिये से लटका मिला। यह दृश्य देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। साथ ही घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
धुमाकोट थाना इंचार्ज सुनील पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दो माह पहले ही हुआ था धुमाकोट तबादला
जानकारी के अनुसार गणेश सिंह नेगी का करीब दो माह पूर्व मुजफ्फरनगर से धुमाकोट स्थानांतरण हुआ था। तब उनकी पत्नी भी उनके साथ धुमाकोट आई थीं, लेकिन बाद में वह कोटद्वार में रहने लगीं। गणेश धुमाकोट में किराए के मकान में रहकर बैंक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके माता-पिता मेरठ में रहते हैं।
42 वर्षीय बैंक मैनेजर की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना से बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में फिल्म ‘हनुमान अंश’ टैक्स फ्री, दर्शकों को नहीं देना होगा SGST
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.