ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी में अनोखी बछिया को देखने उमड़ी लोगों की भीड़, पशु चिकित्सकों ने बताया ‘पालीसिफेली’ नामक दुर्लभ जन्मजात स्थिति

हल्द्वानी। हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र से एक बेहद दुर्लभ और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गाय ने दो मुंह, चार आंखें और तीन कान वाली बछिया को जन्म दिया है। इस अनोखे जन्म की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ बछिया को देखने के लिए उमड़ पड़ी और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

जानकारी के अनुसार गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र निवासी महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती की गाय ने बुधवार शाम करीब पांच बजे इस दुर्लभ बछिया को जन्म दिया। प्रसव काफी जटिल था। सूचना मिलने पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने काफी मशक्कत के बाद सफलतापूर्वक बछिया का सुरक्षित प्रसव कराया।

जन्म के बाद बछिया की शारीरिक बनावट देखकर सभी हैरान रह गए। उसके दो मुंह, चार आंखें और तीन कान हैं। दो सिर होने के कारण उसे गर्दन संभालने और शरीर का संतुलन बनाए रखने में कठिनाई हो रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि बछिया जीवित है और सामान्य रूप से दूध भी पी रही है।

घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई लोग इसे प्रकृति का चमत्कार मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे रहस्यमयी घटना बता रहे हैं।

वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. पाठक ने बताया कि यह ‘पालीसिफेली’ (Polycephaly) नामक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति है। यह तब होती है, जब गर्भ में विकसित हो रहा भ्रूण पूरी तरह अलग-अलग हिस्सों में विभाजित नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में शरीर एक ही रहता है, लेकिन दो सिर विकसित हो जाते हैं। चिकित्सा विज्ञान में ऐसे मामले बेहद दुर्लभ माने जाते हैं।

फिलहाल यह अनोखी बछिया पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दूर-दूर से लोग उसे देखने पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह किसी चमत्कार या रहस्य का नहीं, बल्कि प्रकृति में होने वाली एक अत्यंत दुर्लभ जैविक प्रक्रिया का परिणाम है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में बारिश का कहर: भूस्खलन और मलबे से 25 सड़क मार्ग बंद

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.