ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। दून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना दिल्ली निवासी सुमित यादव फरार बताया जा रहा है। जांच में दुबई से संचालित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए सट्टेबाजी कराने का खुलासा हुआ है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि वसंत विहार क्षेत्र के एक फ्लैट में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी की सूचना मिलने के बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई। गुरुवार रात थानाध्यक्ष शैंकी कुमार और एसटीएफ अधिकारी अबुल कलाम के नेतृत्व में ऋषि विहार कॉलोनी स्थित किराये के फ्लैट में छापा मारा गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदीप कुमार निवासी बिहार तथा सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा और अभिषेक शर्मा निवासी छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपित ऑनलाइन वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को जोड़कर सट्टा खिलाते थे।

पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और 22 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रेडीबुक बैटिंग एप की यूजर आईडी और पासवर्ड फरार सुमित यादव उपलब्ध कराता था, जिसे वह दुबई से प्राप्त करता था। इसके बाद सट्टा खेलने वालों के लिए अलग-अलग आईडी बनाकर उनके खातों में पैसे जमा करवाए जाते थे।

जांच में कई बैंक खातों के जरिए बड़े पैमाने पर लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब इन खातों और गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच कर रही है।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि महादेव बैटिंग एप पर भारत में कार्रवाई के बाद गिरोह ने रेडीबुक बैटिंग एप का इस्तेमाल शुरू कर दिया था, जिसे भी दुबई से संचालित किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल कैंपस में धूमधाम से मनाया गया 34वां स्थापना दिवस

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.