जल निगम निर्माण विंग मुख्यालय की बिल्डिंग में जमकर हंगामा

महिला जेई पर उसी डिवीजन में तैनात उपनल कर्मचारी की पत्नी ने उसका घर तोड़ने का लगाया आरोप

देहरादून। जल निगम निर्माण विंग मुख्यालय की बिल्डिंग में जमकर हंगामा, खींचतान, मारपीट जैसे हालात पैदा हुए। मुख्यालय में स्थित एक डिवीजन की महिला जेई पर उसी डिवीजन में तैनात उपनल कर्मचारी की पत्नी ने उसका घर तोड़ने का आरोप लगाया।

पहले महिला जेई और उपनल कर्मचारी की पत्नी के बीच गालीगलौज, खींचतान हुई। इसके बाद महिला जेई की मां और उपनल कर्मी की पत्नी के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने बामुश्किल हंगामे को शांत कराया।

हंगामे के बीच उपनल कर्मचारी की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति आज कल परिवार पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। परिवार को बिल्कुल समय नहीं दिया जा रहा है। इससे परिवार में रोजाना कलह की स्थिति पैदा हो गई है।

इसके लिए पूरी तरह महिला जेई को जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाते हुए मुख्यालय में जमकर हंगामा किया गया। हंगामा बढ़ने पर जेई की मां भी ऑफिस पहुंच गईं। दोनों ओर के परिजन एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए आपस में भिड़ गए। जमकर खींचतान के साथ मौके पर मारपीट शुरू हो गई।

हंगामे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बिल्डिंग से बाहर निकाला। इसके बाद मुख्यालय परिसर में फिर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। देर तक हंगामा चलता रहा।

इस हंगामे पर अधीक्षण अभियंता विद्युत यांत्रिक प्रवीन कुमार राय ने भी अधिशासी अभियंता से रिपोर्ट तलब की। इसके साथ ही महाप्रबंधक निर्माण गढ़वाल सोहित कुमार बर्नवाल ने सम्बन्धित डिवीजन के अधिशासी अभियंता को अपना ऑफिस मुख्यालय भवन से बाहर ले जाने के निर्देश जारी किए।

हंगामे के बीच चलते रहे इंटरव्यू

जिस समय मुख्यालय भवन में जबरदस्त हंगामा, मारपीट चल रही थी, उसी समय मुख्यालय में एमडी रणवीर सिंह चौहान जायका प्रोजेक्ट के इंटरव्यू ले रहे थे। जायका प्रोजेक्ट में कंसल्टेंट का चयन होना है। इस हंगामे के कारण कुछ समय के लिए प्रक्रिया बाधित भी हुई।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.