शस्त्रों, उपकरणों एवं कार्यस्थलों की पूजा-अर्चना कर नैनीताल पुलिस ने मनाई भगवान विश्वकर्मा जयंती
SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस लाइन नैनीताल में विधि-विधान से किया पूजन, पुलिसकर्मियों को दी शुभकामनाएँ — कर्तव्य, कौशल एवं सुरक्षा के प्रति समर्पण का दिया संदेश
नैनीताल। निर्माण एवं सृजन के देवता भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर नैनीताल पुलिस द्वारा श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी की मौजूदगी में विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान पुलिस बल के दैनिक कर्तव्य निर्वहन में उपयोग होने वाले शस्त्रों, मशीनों, औजारों और विभिन्न उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, संचार शाखा और परिवहन शाखा में संबंधित उपकरणों एवं मशीनों को सजाया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान शस्त्रों और उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता तथा सुचारु संचालन के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की गई।
पूजन कार्यक्रम में SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसपी ऑफिस/संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, आरआई संचार राजकुमार बिष्ट, SI MT दलजीत मर्तोलिया, आरमोरर मंगल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूजा के बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद एवं मिष्ठान वितरित किया गया और सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दी गईं।
कर्तव्य, कौशल और अनुशासन की प्रेरणा देता है विश्वकर्मा जयंती का पर्व
इस अवसर पर SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। पुलिस बल के लिए शस्त्र और विभिन्न उपकरण केवल कार्य करने के साधन नहीं हैं, बल्कि जनसेवा और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा प्रतिदिन इस्तेमाल किए जाने वाले शस्त्रों एवं तकनीकी उपकरणों का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना प्रत्येक पुलिसकर्मी के कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
जिले के सभी थानों और पुलिस इकाइयों में भी हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर केवल पुलिस लाइन नैनीताल में ही नहीं, बल्कि जनपद के सभी पुलिस थानों, चौकियों एवं विभिन्न पुलिस इकाइयों में भी पूजा-अर्चना की गई। कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता सहित पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजन किया।
इस दौरान संबंधित पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप और अन्य कार्यस्थलों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों एवं उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपकरणों की सुरक्षा, बेहतर कार्यक्षमता और सुचारु संचालन की कामना की।
विश्वकर्मा जयंती के इस आयोजन के माध्यम से नैनीताल पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों के प्रति जिम्मेदारी, सावधानी एवं अनुशासन के महत्व को भी रेखांकित किया।










