मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था के लिए नैनीताल पुलिस सम्मानित
श्रद्धालुओं की सुरक्षा से लेकर यातायात, महिला-बाल सुरक्षा और खोया-पाया व्यवस्था तक पुलिस की मुस्तैदी को मिली सराहना
श्री राम सेवक सभा व मंदिर समिति नेमां नंदा-सुनंदा महोत्सव में उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था के लिए नैनीताल पुलिस सम्मानित सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जनसेवा के लिए पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह
नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा के पावन पर्व एवं महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में नैनीताल पुलिस द्वारा किए गए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों की श्री राम सेवक सभा नैनीताल एवं मंदिर समिति ने सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों का उत्साहवर्धन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में महोत्सव के दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक व्यवस्थाएं कीं। यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए पुलिस बल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार ग्राउंड पर मुस्तैद रहकर श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर नजर रखते रहे।
सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता और जनसेवा का परिचय
महोत्सव के दौरान नैनीताल पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रही। पुलिसकर्मियों ने मानवीय संवेदनशीलता के साथ श्रद्धालुओं की सहायता भी की। मेले के दौरान परिजनों से बिछड़े बच्चों एवं बुजुर्गों को सुरक्षित उनके परिवारजनों से मिलाया गया। वहीं, श्रद्धालुओं के गुम हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी, बैग सहित अन्य सामान को तलाश कर आवश्यक सत्यापन के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को वापस कराया गया।
पुलिस की इस पहल से कई परिवारों को तत्काल राहत मिली और श्रद्धालुओं के बीच पुलिस के प्रति विश्वास एवं अपनत्व की भावना और मजबूत हुई।
ग्राउंड पर मुस्तैदी और बेहतर समन्वय से सफल हुआ आयोजन
महोत्सव के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भीड़ या यातायात दबाव की स्थिति में तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को सुचारू कराया गया। पुलिस द्वारा मेला समिति, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, विभिन्न विभागों और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने नैनीताल पुलिस की सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया, अनुशासन, बेहतर समन्वय और जनसेवा की भावना की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस की सक्रिय भूमिका से महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।
श्री राम सेवक सभा व मंदिर समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
सम्मान समारोह में श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल की ओर से अध्यक्ष मनोज शाह, उपाध्यक्ष अशोक शाह, महासचिव जगदीश बलवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष विनय चौधरी, पूर्व महासचिव देवेंद्र लाल शाह, सदस्य एडवोकेट मनोज शाह, सदस्य प्रो. ललित तिवाड़ी, हरीश राणा, मोहित लाल साह, कैलाश जोशी, संदीप साह, कार्यकर्ता वीरेन्द्र मेहरा एवं आनन्द बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रतिनिधियों ने महोत्सव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं जनसहयोग संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
पुलिस अधिकारियों ने जताया आभार
सम्मान समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, मेला चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील बिष्ट, एसआई दिनेश जोशी, पीआरओ हेमा ऐठानी, एसआई संजीत राठौड़ सहित ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, मेला समिति और श्रद्धालुओं का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। सम्मान से ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा है और भविष्य में भी पुलिस इसी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के लिए तत्पर रहेगी।





































