ब्रेकिंग न्यूज़

SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में नंदा-सुनंदा महोत्सव में सुरक्षा का मजबूत पहरा, सेवा से जीता श्रद्धालुओं का भरोसा

खोया-पाया केंद्र ने 57 बिछड़ों को मिलाया अपनों से, 29 लोगों का खोया सामान लौटाया; सुरक्षा के साथ सेवा और संवेदना का भी दिखा संदेश

नैनीताल। ऐतिहासिक एवं धार्मिक मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 में नैनीताल पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता और सुविधा को लेकर भी सक्रिय नजर आ रही है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में मेले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। मेले के प्रारंभ से अब तक पुलिस की इस व्यवस्था के माध्यम से कुल 86 लोगों को सहायता मिली, जिससे कई परिवारों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

57 बिछड़े लोगों को मिलाया अपनों से

मेले में भारी भीड़ के बीच कई बार बच्चे और बुजुर्ग अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं। ऐसे मामलों में नैनीताल पुलिस का खोया-पाया केंद्र श्रद्धालुओं के लिए मददगार साबित हुआ। पुलिस के अनुसार, अब तक 10 बुजुर्गों को उनके परिजनों से सकुशल मिलाया गया, जबकि 47 बच्चों को उनके माता-पिता एवं परिजनों से मिलाया गया।

बिछड़े परिजनों के दोबारा मिलने के बाद उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। पुलिस की टीम द्वारा लगातार अनाउंसमेंट और सूचना के आदान-प्रदान के माध्यम से ऐसे लोगों को उनके परिजनों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

29 लोगों को लौटाया खोया सामान

मेले में भीड़ के दौरान लोगों के पर्स, मोबाइल, चाबी, नगदी, बैग सहित अन्य सामान भी गुम हो गया। खोया-पाया केंद्र की टीम ने ऐसे मामलों में सक्रियता दिखाते हुए 29 लोगों का खोया हुआ सामान बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किया।

खोया सामान वापस मिलने पर श्रद्धालुओं ने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस की इस पहल ने यह संदेश भी दिया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी, सादे कपड़ों में भी तैनात टीमें

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

मेले में सादे वस्त्रों में भी पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ एवं सत्यापन किया जा रहा है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का अधिकारियों द्वारा लगातार मनोबल बढ़ाया जा रहा है।

कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं को किया जा रहा जागरूक

मेला क्षेत्र में स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा लोगों से अपने सामान की स्वयं सुरक्षा करने तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही है।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस के खोया-पाया केंद्र एवं कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

खोया-पाया टीम बनी श्रद्धालुओं की उम्मीद

खोया-पाया केंद्र एवं कंट्रोल रूम में तैनात एएसआई किरण गोस्वामी, एएसआई जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल नीलम और हेड कांस्टेबल निहाल लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। टीम द्वारा अनाउंसमेंट के साथ-साथ बिछड़े परिजनों की तलाश और खोए सामान को उनके स्वामियों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

पुलिस की इस सक्रियता के चलते महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में तत्काल सहायता मिलने का भरोसा बना हुआ है।

व्यापारियों का भी बढ़ाया उत्साह, पुलिस अधिकारियों ने की खरीदारी

मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में स्थानीय के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी व्यापारी पहुंचे हैं। मेले में व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने भी विभिन्न दुकानों से खरीदारी की। एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा स्थानीय और बाहर से आए व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने की पहल की गई।

पुलिस के इस प्रयास से व्यापारियों में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्थानीय व्यापार और मेले की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का यह प्रयास महोत्सव में पुलिस की सेवा, सुरक्षा और संवेदना के समन्वित स्वरूप को दर्शाता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा अपने दरबार में विराजमान, ब्रह्म मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के बाद होंगे दर्शन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.